अम्बेडकर नगर। एनटीपीसी-टांडा द्वारा अपने सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अन्तर्गत परियोजना प्रभावित गाॅवों की महिलाओं के लिए आयोजित एक माह हेतु ‘झूमर मेकिंग एवं टेराकोटा प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शांति निकेतन जन सेवा समिति, वाराणसी के सहयोग से किया जा रहा है। नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत महिलाओं को ‘झूमर मेकिंग एवं टेराकोटा प्रशिक्षण कार्यक्रम’ के माध्यम से आमदनी बढ़ाने के संबंध में समुचित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मखदूम नगर ग्राम के पंचायत भवन में झूमर मेकिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिसमें आसपास गाॅव की 36 महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है तथा शरीफपुर गाव के अंबेडकर हाल में टेराकोटा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिसमें आसपास गाॅव की 30 महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है।
टांडा परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक बी.सी.पलेई ने ‘झूमर मेकिंग एवं टेराकोटा‘ प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए महिलाओं से संवाद स्थापित किया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी अपने प्रमुख कार्य बिजली उत्पादन करने के साथ ही आसपास के गांवों का चहुंमुखी विकास करने में विश्वास रखती है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से महिलाओं के ज्ञान में बढ़ोत्तरी के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होगें। उन्होनें कहा की भविष्य में ऐसे कार्यक्रम चलाए जाते रहेगें जिससे आने वाले समय में आसपास के लोगो को रोजगार के नए अवसर मिलेगें। एनटीपीसी-टांडा आसपास के गाॅव के विकास के लिए सदैव दृढ़संकल्पित है।
